Khairabad News : खैराबाद के DIET तक जाने वाली सड़क बदहाल, हादसों का खतरा बढ़ा
खैराबाद स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) तक जाने वाली लगभग 80 मीटर लंबी सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। टूट-फूट और गहरे गड्ढों से भरी इस सड़क पर आए दिन वाहन हादसों का खतरा बना रहता है, जिससे प्रशिक्षु, शिक्षक और राहगीर घायल हो जाते हैं।
बरसात में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। पानी भर जाने के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन चालक संतुलन खो बैठते हैं और दुर्घटनाएं बढ़ जाती हैं। प्रशिक्षुओं का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो जनप्रतिनिधियों ने और न ही विभागीय अधिकारियों ने इस समस्या पर ध्यान दिया।
आश्चर्य की बात है कि इसी मार्ग से रोज़ाना कई अधिकारी गुजरते हैं, लेकिन अब तक सड़क के निर्माण की कोई ठोस पहल नहीं की गई। एक डीएलएड प्रशिक्षु ने नाराजगी जताते हुए कहा,
“यह सड़क रोज़ाना हमारी जान जोखिम में डाल रही है। DIET संस्थान में लगातार शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम चलते रहते हैं, लेकिन इस सड़क की दुर्दशा से यहां आना-जाना बेहद खतरनाक हो गया है।”
स्थानीय लोगों और प्रशिक्षुओं ने मांग की है कि सरकार और जनप्रतिनिधि तुरंत इस सड़क का निर्माण कराएं, ताकि आने-जाने वालों को राहत मिल सके और हादसों की संभावना खत्म हो।